देश

Arijit Birthday Special: कभी रियलिटी शो के बीच से ही अरिजीत हो गए थे बाहर, आज है गायकी के सरताज

अरिजीत सिंह बॉलीवुड के एक जाने-माने गायक हैं। जिन्होंने अपनी गायकी से सभी को अपना मुरीद किया हुआ है। लेकिन यह सफलता उन्हें बहुत आसानी से नहीं मिली थी। आज जिस मुकाम पर अरिजीत हैं उस पर पहुंचने के लिए उन्होंने बहुत संघर्ष किया है। आज अरिजीत सभी के दिलों पर राज करते हैं, लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब उन्हें एक रियलिटी शो के बीच में ही बाहर होना पड़ा था। 25 अप्रैल को अरिजीत सिंह का जन्मदिन होता है, तो उनके जन्मदिन पर जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ खास बातें।

विरासत में मिला है संगीत

अरिजीत सिंह को संगीत विरासत में मिला है, उनके खून में ही गायकी और संगीत बसा हुआ है। उनकी मां एक गायिका थी और मामा तबला वादक थे। उनकी नानी की भी भारतीय सांस्कृतिक संगीत में रुचि थी। अरिजीत ने बचपन से ही अपने घर-परिवार में संगीत का माहौल देखा था और इसी वजह से उन्होंने भी संगीत की राह में ही अपना करियर चुना।

बॉलीवुड की राह नहीं थी आसान

अरिजीत सिंह के लिए बॉलीवुड में अपनी जगह बनाना आसान नहीं था। उन्होंने संगीत की दुनिया में अपनी शुरुआत रियलिटी सिंगिंग शो ‘फेम गुरुकुल’ से की थी। लेकिन इस रियलिटी शो से उन्हें बीच में ही बाहर होना पड़ा था। इस रियलिटी शो में अरिजीत ने अपने गुरु राजेंद्र प्रसाद हजारी के कहने पर भाग लिया था। इस शो में आने के बाद उनकी आवाज को काफी पसंद किया गया था लेकिन वह शो जीतने में कामयाब नहीं हुए थे। हालांकि शंकर महादेवन उनकी गायकी से प्रभावित हुए थे और उन्होंने अरिजीत को हाई स्कूल म्यूजिकल 2 के एल्बम के लिए गाना ऑफर किया था। शुरुआती दौर में संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ के लिए अरिजीत ने एक गाना गाया था, लेकिन ऐन मौके पर उन्हें फिल्म से निकाल दिया गया और टिप्स ने भी उनका जो सबसे पहला एल्बम रिकॉर्ड किया था उसे कभी रिलीज नहीं किया। अरिजीत को उनके शुरुआती दौर में काफी रिजेक्शन देखने को मिले लेकिन उनकी मेहनत रंग लाई और आज वह गायकी के सरताज बने हुए हैं।

आशिकी – 2 के गाने से मिली पहचान

धीरे-धीरे अरिजीत को कॉन्ट्रैक्ट मिलने लगे और उन्होंने कई गाने गाए। उन्होंने प्रीतम और विशाल शेखर के साथ मिलकर बतौर म्यूजिक प्रोग्रामर भी काम किया है। लेकिन उन्हें पहचान मिली विशेष फिल्म के तले बनी आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर की मूवी ‘आशिकी 2’ के गाने से। इस फिल्म के गाने ‘तुम ही हो’ ने रातों रात अरिजीत को स्टार बना दिया। इसके बाद बॉलीवुड के दरवाजे अरिजीत के लिए खुल गए।

इस गाने के बाद अरिजीत के लिए गानों की लाइन लग गई और एक के बाद एक अरिजीत ने बहुत सारे हिट सोंग्स दिए। अरिजीत की आवाज लोगों के दिलों में कुछ इस तरह बसी कि उनका गाया हुआ हर एक गाना सुपरहिट होता गया। ऐसा कहते हैं कि अरिजीत की आवाज में दर्द और प्यार एक साथ सुनने को मिलता है।

आज अरिजीत गायकी के उस मुकाम पर हैं जो शायद उन्होंने कभी सोचा भी नहीं होगा। गायकी को लेकर उनकी लगन और मेहनत ने आज उन्हें बड़ा स्टार बना दिया है। लेकिन अरिजीत अब सिर्फ गायक ही नहीं रह गए हैं बल्कि संगीतकार भी बन चुके हैं। उन्होंने फिल्म ‘पगलैट’ से बतौर संगीतकार डेब्यू किया है और उनके काम को काफी पसंद भी किया गया।

 

संबंधित लेख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button