जम्मू-कश्मीर के माता वैष्णो देवी मंदिर में कल देर रात मची भगदड़ में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। 14 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा रात 1 से 2 बजे के बीच हुआ।
जान गंवाने वाले दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के हैं। इनमें दो महिलाएं भी हैं। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे. एक भक्त ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। निकलने का कोई रास्ता नहीं था।
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है. मोदी ने ट्वीट किया, “माता वैष्णो देवी भवन में भगदड़ में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
हादसे को लेकर प्रधानमंत्री ने राज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय से बात की है और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. वहीं, केंद्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है.
